केदारनाथ मंदिर परिसर में लगाई जा रही बैरिकेडिंग

रुद्रप्रयाग

दो दिन बाद शुरू हो रही केदारनाथ यात्रा को लेकर केदारनाथ में तैयारियां जोरों पर की जा रही है। प्रशासन द्वारा सभी विभागों को यात्रा तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि बर्फबारी से केदारनाथ में काफी व्यवधान हुआ, किंतु यात्रा को देखते हुए खराब मौसम में भी काम किया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि केदारनाथ धाम में शनिवार को मौसम साफ रहा इसलिए यात्रा से जुड़े विभाग व्यवस्थाएं बेहतर करने में जुटे रहे। शेष दो दिनों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर दी जाएंगी। इधर, केदारनाथ में डीडीएमए लोनिवि के अवर अभियंता सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि केदारनाथ मंदिर परिसर में तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बैरिकेडिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जबकि केदारनाथ धाम में बर्फ हटाने का काम जारी है। सुलभ इंटरनेशनल द्वारा बनाए गए शौचालयों में साफ सफाई व्यवस्था के साथ ही शौचालयों से श्रमिको द्वारा बर्फ हटाया जा रहा है। सुलभ शौचालय दूरस्थ किए जा रहे हैं। जल संस्थान द्वारा क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को ठीक किया जा रहा है। विद्युत विभाग क्षतिग्रस्त विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर को ठीक करने में जुटा है। जीएमवीएन द्वारा बनाई जा रही टेंट कॉलोनी से बर्फ हटाने का काम जारी है। जबकि टेंट लगाए जा रहे हैं। यात्रा को देखते हुए सभी विभाग जरूरी व्यवस्थाएं जुटा रहे हैं। ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *