संत के लिए समस्त संसार ही परिवार है: प्रमोद कृष्णम
हरिद्वार। कल्कि पीठाधीश्वर स्वामी प्रमोद कृष्णम महाराज ने कहा कि सत्य को सहजता और सरलता से स्वीकार करने वाले संत के लिए समस्त संसार परिवार है। महादेव शिव की नगरी और ससुराल हरिद्वार की पवित्र रज माथे पर लगाने और गंगा के आचमन मात्र से ही जीवन भवसागर से पार हो जाता है। यह बात उन्होंने संत समागम के समारोह अवसर पर कही। सोमवार को भूपतवाला स्थित शिव शक्ति धाम आश्रम में आश्रम के अध्यक्ष स्वामी कल्याणदेव महाराज के संयोजन में ब्रह्मलीन स्वामी ब्रह्मदेव महाराज, स्वामी संतोष दास महाराज एवं स्वामी सत्यदेव महाराज की स्मृति में समारोह आयोजित किया गया। स्वामी रूपेंद्र प्रकाश एवं स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि संत मिलन से बड़ा कोई सुख नहीं है। संतों के सत्संग से प्राप्त ज्ञान से ही कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारत माता मंदिर के महंत ललितानंद गिरी ने कहा कि स्वामी कल्णादेव महाराज जिस प्रकार अपनी गुरू परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। वह सभी संतों के लिए अनुकरणीय है। कार्यक्रम का संचालन स्वामी परमानन्द महाराज ने किया। इस मौके पर बाबा बलराम दास हठयोगी, महंत दुर्गादास, स्वामी ऋषिश्वरानन्द, स्वामी कृष्णदेव, स्वामी हरिहरानन्द, महंत रघुवीर दास, महंत सूरज दास, महंत प्रमोद दास, पंडित अधीर कौशिक, कांग्रेस नेता राजेश रस्तोगी आदि शामिल रहे
