बीडीसी बैठक में सड़क, पेयजल, बिजली के मुददे छाए
पौड़ी। ब्लाक सभागार में आयोजित पौड़ी बीडीसी बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, बिजली आदि के मुद्दे उठाए। ब्लाक प्रमुख दीपक चंद्र खुकशाल ने सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की समस्याएं जल्द हल करने के निर्देश दिए। विकास खंड पौड़ी की बीडीसी बैठक का आयोजन हुआ। ब्लाक प्रमुख ने कहा कि ब्लाक एक नई व्यवस्था शुरु करने जा रहा है, जिसके तहत बीडीसी बैठक की बिंदुवार रिपोर्ट सीडीओ व संबंधित विभाग को भेजी जाएगी। जन समस्या के समाधान को लेकर विभाग स्तर पर कार्य प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी। इस दौरान बैठक के नोडल अधिकारी पीडी एसके राय ने अधिकारियों को सदन में उठी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किए जाने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष कमल रावत ने कहा कि पौड़ी-ल्वाली-कालेश्वर मोटर मार्ग की खस्ताहाल हालत ठीक करने, ग्राम प्रधान केसुंदर नूतन रावत ने पौड़ी-देलचौरी मोटरममार्ग पर पानी की निकासी नहीं होने और पुश्ता लगाए जाने, ग्राम प्रधान उज्याड़ी ने जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही, उज्याड़ी मोटर मार्ग का मुआवजा सहित अन्य समस्याओं को उठाया। कंडारा रोड में आने वाली अनुजाति बस्ती के ग्रामीण परिवारों को मुआवजा नहीं मिलने, राप्रावि व जीआईसी उज्याड़ी के भवनों के निर्माण को लेकर मानको में अंतर पर सदन में जन प्रतिनिधियों ने सवाल खड़े किए। आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण आहार की व्यवस्था समूह से ना करवाकर राशन सस्ता-गल्ला की दुकानों से करने पर सदस्यों ने कड़ी नाराजगी जताई। इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख पौड़ी सोनिया गगोडिया, खंड विकास अधिकारी दिनेश नेगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विनोद उनियाल, डीईओ बेसिक डा. शिव पूजन सिंह, बीईओ पौड़ी सावेद आलम, सहाय समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल आदि मौजूद रहे। बैठक का संचालन एडीपीआरओ नितिन नौटियाल ने किया।

