रिखणीखाल में सक्रिय बाघ को लेकर अलर्ट रहे अफसर:सीसीएफ

पौड़ी। पौड़ी जिले के रिखणीखाल में सक्रिय बाघ को लेकर मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल ने अफसरों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए है। बाघ ने एक के बाद एक हमलों में दो लोगों को मार दिया था। इसके करीब एक महीने बाद बाघ एक बार फिर यहां सक्रिय हो गया। मंगलवार को पौड़ी पहुंचे मुख्य वन सरंक्षक गढ़वाल नरेश कुमार ने अफसरों के साथ बैठक की।
बैठक के बाद सीसीएफ ने बताया कि जंगलों की आग, पौधरोपण, रिखणीखाल क्षेत्र में सक्रिय बाघ से लेकर कैंपा और ईको टूरिज्म आदि योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई है। रिखणीखाल में सक्रिय बाघ को लेकर डीएफओ गढ़वाल को क्षेत्र में चौबीस घंटे टीम को तैनात रखने को कहा गया है। बताया कि जरूरत पड़ी तो यहां अतिरिक्त स्टाफ की भी तैनाती की जाएगी। बताया कि बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए यहां ट्रैपिंग कैमरे लगाएं गए है, टीम भी यहां तैनात है। अफसरों को वन्य जीवों के हमले वाले संवेदनशील क्षेत्रों को लेकर पूरी सतर्कता बरतने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि इन दिनों बारिश के कारण अभी जंगलों की आग काबू में है लेकिन फायर सीजन को देखते हुए किसी तरह की लापरवाही न की जाए और अलर्ट मोड पर ही रहा जाए। इसके साथ ही कैंपा का एक्शन प्लान भी बनाया गया। आने वाले सीजन में पौधरोपण को लेकर लक्ष्यों का निर्धारण भी समय से करने के लिए कहा गया। इस मौके पर वन संरक्षक गढ़वाल सर्किल पंकज कुमार, डीएफओ गढ़वाल स्वपनिल अनिरुद्ध सहित अन्य कार्मिक भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *