पंजाब से चोरी कार बहादराबाद में बरामद, आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार। भटिंडा पंजाब से चोरी लग्जरी कार बहादराबाद में बरामद हो गई है। पुलिस ने आरोपी को कार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी भटिंडा पुलिस को दे दी गई है। आरोपी पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात को बहादराबाद में तैनात दरोगा हेमदत्त भारद्वाज पुलिस टीम के साथ कलियर मोड़ पर वाहनों की चेकिंग कर रह थे। तभी मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि सफेद रंग की संदिग्ध कार आ रही है। पुलिसकर्मियों ने बैरियर लगाकर वाहन को रोककर वाहन चालक से वाहन के कागजात मांगे तो युवक कागजात नहीं दिखा सका। ई चालान मशीन में चेक किया तो वाहन स्वामी का नाम पूजा धीमान पत्नी मनोज कुमार निवासी सेक्टर 12ए, पंचकुला, हरियाणा का पता निकला। जिस पर संपर्क करने के बाद पता चला कि कार चोरी हो गयी थी। जिसकी हमने थाना सिविल लाइन भटिंडा में मुकदमा दर्ज है। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम कुलदीप पुत्र जय सिंह निवासी मनमोहन नगर, अंबाला सिटी थाना बलदेवनगर, जनपद अंबाला, हरियाणा बताया। एसओ अनिल चौहान ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पंजाब पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है। आरोपी पहले भी चोरी में जेल गया था और कुछ माह पहले ही छूटकर आया था।

