गाड़ी बेचने के नाम पर 2.21 लाख की ठगी, केस दर्ज
हरिद्वार। कनखल में एक गाड़ी बेचने के नाम पर 2.21 लाख रुपये की हुई धोखाधड़ी के मामले में कनखल पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ नितेश के मुताबिक मधुबिहार जमापुर कलां कनखल निवासी रामकुमार ने कोर्ट में शिकायत देकर बताया कि वह एक सेल्स बेवसाइट परकार का विज्ञापन देखा। जिसके बाद वाहन मालिक महबूब निवासी ग्राम मुस्तफाबाद उर्फ पदार्था थाना पथरी से संपर्क साधा। 2.60 लाख रुपये में गाड़ी खरीदने की बात तय हुई थी। 11 हजार रुपये टोकन मनी के रूप में दिए गए थे। बाकि की रकम लिखा पढ़ी के बाद देना तय हुआ। आरोप है कि षडयंत्र के तहत उससे 2.21 लाख की धनराशि हड़प ली गई है। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी महबूब, अहमद अली, अहसान व सद्दाम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

