16 लाख की धोखाधड़ी का एक आरोपी दबोचा

हरिद्वार। ट्रांसपोर्ट नगर की भूमि पर गोदाम के निर्माण का ठेका दिलाने के नाम पर 16 लाख की रकम हड़प लेने के आरोप में ज्वालापुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं। कोतवाली ज्वालापुर में कय्यूम पुत्र अय्यूब निवासी एक्कड खुर्द पथरी ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि ट्रांसपोर्ट नगर की भूमि पर गोदाम के निर्माण का ठेका दिलाने का झांसा देकर उससे 16 लाख की ठगी की गई थी। आरोप था कि फूल कुमार उर्फ कल्लू निवासी गांव सराय, आदेश कुमार निवासी ग्राम जय भगवानपुर थाना छपार जिला मुजफ्फरनगर यूपी, विशाल कुमार निवासी मोहल्ला आनंदपुरी मुजफ्फरनगर यूपी और अक्षय निवासी ज्वालापुर ने उसे झांसा देकर रकम हड़प ली थी। ठेका न मिलने पर जब उसने रकम वापस मांगी थी तब उसके साथ मारपीट करते हुए गाली गलौज की गई थी। एसएसआई संतोष सेमवाल के मुताबिक एक आरोपी आदेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से हड़पी गई रकम में से पचास हजार की रकम बरामद हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *