अनियंत्रित कार ने मारी पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर, एक की मौत

हरिद्वार। कनखल थानाक्षेत्र में गुरुकुल हाईवे के पास देर रात अनियंत्रित कार ने पीछे से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर इतना जोरदार था कि कार में सवार एक फ्लाइट कंपनी के पायलट की मौत हो गई। जबकि अन्य पांच लोगों को मामूली चोट आई है। पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी छह लोग ऋषिकेश से दिल्ली वापस लौट रहे थे। इधर, ट्रैक्टर चालक फरार चल रहा है। कनखल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि मंगलवार देर रात गुरुकुल हाईवे के पास से सड़क हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर एक कार पलटी हुई मिली। कार में सवार छह लोगों को बाहर निकाला गया। जिसमें से कार के आगे वाली सीट पर बैठे युवक की हालात गंभीर थी। पुलिस ने तुरंत 108 की मदद से घायल को अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पहचान मोहित सोलंकी (28) पुत्र सतपाल सोलंकी निवासी नसीरपुर सागर पुर नई दिल्ली के रूप में हुई है। इसके अलावा कार में विनय कुमार, बृजवासन, रोहित, विनय मोगा और एक महिला मित्र सवार थी। जिनको मामूली चोट आई है। पुलिस ने बताया कि मृतक मोहित सोलंकी इंडिगो फ्लाइट कंपनी में बतौर पायलट कार्यरत थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। इधर, मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *