कारोबारी से 10 लाख की ठगी, तीन भाईयों पर केस
हरिद्वार। शिवालिकनगर निवासी मोबाइल कारोबारी से दस लाख रुपये की धोखाधड़ी के एक मामले में पुलिस ने तीन भाईयों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि जीएसटी के करीब 10 लाख के फर्जी बिल बनाकर उन्हें एडिट कर हड़प लिए हैं। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह बिष्ट के मुताबिक शिवालिक नगर निवासी अंशिल खन्ना ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि शिवालिक नगर में ही उसकी नीलम कम्यूनिकेशन नाम से एक मोबाइल फोन की दुकान है। आरोप है कि उसकी जीएसटी पर सुमनगर निवासी विशाल उपाध्याय ने अपनी ई-मेल आईडी, मोबाइल नंबर डलवा लिया। क्योंकि विशाल उपाध्याय 2017 से उसकी दुकान पर बतौर एकाउंटेंट काम कर रहा था। विशाल ने लोगों को एकाउन्टेंट बताकर फर्जी तरह से रकम हड़पने लगा। आरोप है कि अंशिल खन्ना की जीएसटी की करीब 10 लाख के फर्जी बिल बनाकर उन्हें एडिट कर हड़प लिया। जिसमें विशाल उपाध्याय और उसके भाई आकाश उपाध्याय व अमर उपाध्याय भी शामिल हैं। आरोप है कि आरोपियों ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच कर रही है।

