गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने लगाए पिंजरे
रुड़की। गुम्मावाला माजरी गांव के पास जंगल में बाइक सवार महिला और युवक पर हमला कर घायल करने के बाद वन विभाग की टीम ने गुलदार को पकड़ने के लिए जंगल में अलग-अलग स्थानों पर दो पिंजरे लगा दिए है। कुछ दिन पहले गुलदार ने एक ग्रामीण के पालतू कुत्ते को भी अपना निवाला बनाया था।
नगर पंचायत इमलीखेड़ा के माजरी गुम्मावाला गाव में गुलदार की चहल कदमी से क्षेत्र के लोगों में दहशत बनी हुई हैं। गुलदार ने कुछ दिन पहले एक ग्रामीण के पालतू कुत्ते को अपना निवाला बनाया था। रविवार देर शाम को गुलदार ने बाइक सवार एक महिला और युवक पर हमला कर दिया था। जिसमें महिला और युवक घायल हो गए थे। घायलों को मौके पर पहुंची पुलिस व आसपास के लोगों ने उपचार के अस्पताल में भर्ती कराया था। गुलदार के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। किसान अपने खेतों पर पशुओं का चारा लेने भी नहीं जा रहे है। घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने का आश्वासन दिया था। सोमवार को वन विभाग के अधिकारियों ने गुलदार को पकड़ने के लिए गांव के जंगल ने अलग-अलग स्थानों पर दो पिजरे लगा दिये है। रेंजर विनय राठी ने बताया ग्रामीणों की मांग पर गुलदार को पकड़ने के लिए गुम्मावाला और माजरी के जंगलों में दो पिजरे लागए गए है और कर्मचारियों की गश्त भी बढ़ा दी गई है। इस दौरान डिप्टी रेंजर डीसी जोशी, मनवर सिंह बिष्ट, वन दरोगा नरेंद्र सैनी, हुकम सिंह, मांगेराम आदि मौजूद रहे।

