टिहरी के दो युवक अफ्रीका के गांबिया में फंसे

नई टिहरी। टिहरी जिले के दो युवकों के पश्चिम अफ्रीका के देश गांबिया में फंसे होने से उनके परिजन परेशान हैं। परिजनों ने शासन प्रशासन से दोनों को स्वदेश लाने की गुहार लगाई है। जाखणीधार ब्लॉक के विजय लाल पुत्र प्रकाश लाल निवासी ग्राम मोल्ठा पट्टी ढुंगमंदार तथा जसपाल लाल पुत्र स्व. अब्बल दास ग्राम माजफ पट्टी ओण प्रतापनगर निवासी हैं। दोनों लोग आपस में रिश्ते में मामा-भांजा लगते हैं। दोनों पश्चिम अफ्रीका के कोला विजय लक्ष्मी फजारा कैराबा एवेन्यू स्थित होटल टेस्ट आफ लव रेस्टोरेंट में नौकरी करते हैं। जसपाल के भाई दिनेश लाल ने बताया कि जसपाल उनका सगा भाई है, जबकि विजय उनका भांजा है। जसपाल वर्ष 2021 तथा विजय वर्ष 2022 में पश्चिम अफ्रीका गये थे। होटल का मालिक विशाखापट्टनम का रहने वाला है। बीते छह माह से होटल मालिक द्वारा दोनों लोगों के पास पोसपोर्ट जब्त किये हुये हैं और उन्हें सेलरी भी नहीं दे रहा है। पासपोर्ट और वेतन मांगने पर मालिक उनका उत्पीड़न करता है, इसकी जानकारी बीते 15 अगस्त को उन लोगों ने फोन पर दी है, उनके विदेश में फंसे होने की जानकारी मिलने के बाद से दोनों के परिजन परेशान हैं। विजय के दो बच्चे तथा जसपाल लाल के तीन बच्चे अपनी मां के साथ अपने-अपने गांव में रहते हैं। उधर, जाखणीधार ब्लाक प्रमुख सुनीता देवी ने डीएम को पत्र सौंपकर दोनों की जल्द सकुशल स्वेदश वापसी की मांग की है। उधर, एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि दोनों युवकों के विदेश में फंसे होने की उन्हें जानकारी मिली हैं, दोनों को भारत लाने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में दूतावास से संपर्क किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *