सड़कों का निर्माण कार्य रोकने की मांग
हरिद्वार। हरिद्वार के समाजसेवी रत्नमणि डोभाल ने मुख्य सचिव एसएस संधू और जिलाधिकारी हरिद्वार धीराज सिंह गर्ब्याल को पत्र लिख कर सड़कों का निर्माण कार्य रोकने की मांग की है। समाजसेवी के अनुसार धर्मनगरी के जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन का कार्य प्रस्तावित है। उन क्षेत्रों की सड़कों का निर्माण न किया जाए। बुधवार को समाजसेवी रत्नमणि डोभाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि धर्मनगरी में सड़क निर्माण कार्यों में बड़ी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। हरिद्वार के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण का कार्य कई विभाग और विभिन्न एजेंसिया कर रही है। इस कारण डुप्लीकेसी हो रही है। नगरीय क्षेत्र हरिद्वार में नगर निगम, एचआरडीए, आरईएस, लोक निर्माण विभाग राज्य योजना, जिला योजना, सांसद निधि, विधायक निधि आदि से प्रत्येक वर्ष सड़कों का निर्माण कार्य लगातार करता है। कुंभ और अर्द्धकुंभ योजना में भी सड़कों का निर्माण होता है। लेकिन सड़कों का निर्माण कार्य पूरा नहीं होता है। सड़कों पर गड्ढे रहते हैं। इस कारण पत्र लिख कर नगर-निगम के जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन डालने का कार्य प्रस्तावित है। उन क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में सड़कों और गलियां का रिकॉर्ड तलब करने, सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच करने और विभिन्न विभागों द्वारा कितने बजट से सड़क बनाई जा रही हैं। कितनी बननी प्रस्तावित है। इसकी भी जांच करने की मांग की गई है।

