मुआवजा नहीं मिलने से किसान परेशान

रुड़की। इलाके में आपदा प्रभावित किसानों को अभी तक मुआवजा राशि नहीं दिए जाने से किसानों में भारी रोष व्याप्त है। भाकियू इस मामले में जेएम से मिलेगी। नारसन कलां निवासी राजकुमार, विभव कुमार, जमशेद आदि ने बताया कि उनकी कई बीघा फसल पानी में डूबकर पूरी तरह से चौपट हो गई है। जिसमें गन्ना, हरा चारा, सब्जी आदि की फसले लगाई गई थी। फसल के चौपट हो जाने से उनके सामने आर्थिक तंगी खड़ी हो गई है। घर का खर्च भी चलाना मुश्किल हो रहा है। सरकार की तरफ से भी कोई राहत राशि उन्हें अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। मजबूरी में कर्ज भी लेना पड़ रहा है। इस बारे में भाकियू तोमर गुट के जिला अध्यक्ष विकेश बालियान ने बताया कि काफी किसानों को मुआवजा राशि नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो रही है। इसे लेकर जल्द ही जेएम से मिलकर किसानों को फसलों का मुआवजा दिलाए जाने की मांग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *