शहर में हुआ ई-ऑटो का ट्रायल
पौड़ी
(आरएनएस)। नगर पालिका पौड़ी की ओर से गुरूवार को परिवहन व पुलिस विभाग की देखरेख में ई-ऑटो का ट्रायल किया गया। ट्रायल को लेकर ई-ऑटो को शहर के बस स्टेशन से माल रोड, एजेंसी चौक, सर्किट हाउस होते हुए कंडोलिया, विकास भवन, छतरीधार और गल्ला गोदाम व प्रेम नगर तक संचालित किया गया। इस दौरान ई-ऑटो में चालक समेत तीन लोग बैठे। यह ई-ऑटो महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी का है। जो कि 3 एंपियर की 32 बैटरी के साथ लैस है। एक बार चार्ज होने पर ई-ऑटो करीब 120 किमी तक दौड़ सकता है। इस ऑटो में चालक समेत तीन सवारियां बैठक सकती हैं। आरटीओ प्रशासन द्वारिका प्रसाद ने बताया कि कि इस तरह का तीन पहिया पब्लिक यातायात की योजना पौड़ी जैसे उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में सफल नहीं है। यहां की खड़ी चढ़ाई व ढलान के साथ ही तीखे मोड़ों के अनुसार चार पहिया वाहन ही यातायात के लिए सफल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो मॉडल ट्रायल के लिए लाया गया था, वह एसटीए (स्टेट ट्रांसपोर्ट अथोरिटी) से प्रमाणित नहीं है। हालांकि इस ट्रायल को सफल माना जा रहा है। ऐसे में ट्रायल रिपोर्ट गढ़वाल आयुक्त के साथ ही डीएम व आरटीओ आयुक्त को प्रेषित की जा रही हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद ही आखिरी निर्णय लिया जाएगा। वहीं, पालिकाध्यक्ष यशपाल बनाम ने कहा कि शहर में ई-ऑटो का ट्रायल सफल रहा। कुछ औपचारिकताओं के बाद जल्द ही इसे शहर में नियमित रूप से शुरू किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
