भाजपा सरकार का फोकस मूलभूत सुविधाओं पर : यतीश्वरानंद
हरिद्वार
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि क्षेत्र में अनेकों विकास कार्य चल रहे हैं और जहां पर कोई समस्या है तो वहां भी जल्द कार्य शुरू हो जाएंगे। यह बात उन्होंने हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम बिशनपुर कुंडी में इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क का उद्घाटन करते हुए कही। स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार का फोकस मूलभूत सुविधाओं पर है, जिनके लिए निरंतर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश से गांवों के जनसंपर्क मार्ग टूट गए थे, जिनकी मरम्मत का कार्य पीडब्ल्यूडी के साथ जिला पंचायत, ब्लॉक, राजस्व वित्त योजनाओं से किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि यदि किसी स्थान पर सड़क की मरम्मत की जरूरत है तो उन्हें बताएं, ताकि जल्द उसका काम पूरा किया जा सके। इस मौके पर जिला पंचायत के उपाध्यक्ष अमित चौहान, जिला पंचायत सदस्य सोनवीर पाल, सदस्य अरविंद कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि तेलूराम, ग्राम प्रधान सनी कुमार, कुंवर पाल सैनी, लक्ष्मण कश्यप, जोगेंद्र कश्यप, मुकेश, अनुज पाल, विकास पाल, विवेक चौहान, श्रवण चौहान आदि मौजूद रहे।
