दीपोत्सव देता है पवित्रता का संदेश : पण्ड्या
हरिद्वार
गायत्री तीर्थ शांतिकुंज एवं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में उत्साहपूर्वक दीपावली मनाई गयी। दीपोत्सव के अवसर पर शांतिकुंज की बहिनों ने गायत्री तीर्थ व देसंविवि परिसर को आकर्षक रंगोलियों से सजाया। पर्व के मुख्य कार्यक्रम में गायत्री परिवार के प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं शैल दीदी ने वैदिक कर्मकांड के साथ बही खाते का पूजन किया। गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. पण्ड्या ने कहा कि दीपोत्सव घरों, कार्यालयों, दुकानों, कारखानों आदि को प्रकाशित और पवित्र बनाये रखने का संदेश देता हैं। उन्होंने कहा कि हम अपने आप को इतना पवित्र व स्वच्छ बनायें, जिससे मां लक्ष्मी हमें स्वीकार करें और अपनी कृपा से आच्छादित करें। संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी ने कहा कि दीपावली के अवसर पर प्रज्ज्वलित होने वाला दीपक हम सभी को प्रकाशित होने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि उसी मनुष्य का जीवन धन्य है, जिनके जीवन में गतिशीलता है, मानसिक स्वच्छता है, ईर्ष्या, द्वेष से परे है। दीपोत्सव का वैदिक कर्मकाण्ड संस्कार प्रकोष्ठ के आचार्यों ने सम्पन्न कराया।
