हरिद्वार में सोमवती अमावस्या पर उमड़े श्रद्धालु

हरिद्वार

हरिद्वार में सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। हरकी पैड़ी सहित अन्य गंगा घाटों पर हर-हर गंगे के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। वहीं व्यवस्था बनाने में पुलिसबल मुस्तैदी से तैनात रहा। ट्रैफिक प्लान को लागू करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। हर-हर गंगे, जय मां गंगे का जयघोष और हरकी पैड़ी की तरफ बढ़ते श्रद्धालुओं के कदम, मन में बस एक ही आशा की हरकी पैड़ी पहुंचकर गंगा स्नान कर पुण्य कमाना है। यह नजारा सोमवती अमावस्या पर सोमवार भोर से शुरू हुए गंगा स्नान पर धर्मनगरी में देखने को मिला। उत्तरी हरिद्वार के सप्तऋषि, भूपतवाला, खड़खड़ी और मध्य हरिद्वार के ललतारौ पुल, पोस्ट ऑफिस और अपर रोड पर अन्य दिनों की अपेक्षा अच्छी खासी भीड़ नजर आई। भीमगोड़ा बैरियर से हरकी पैड़ी जाने वाले श्रद्धालुओं को पैदल ही जाने दिया गया है। ई रिक्शा, ऑटो, विक्रम को बैरियर से अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई। स्थानीय लोगों को दुपहिया वाहनों से जाने दिया गया। भीड़ कम होने के कारण हाईवे पर जाम नहीं लगा। हालांकि पुलिसकर्मियों की ड्यूटियां लगाई गई थीं। पुलिस ने मेला क्षेत्र को पांच सुपर जोन 16 जोन और 39 सेक्टर में किया गया विभाजित किया था। भीड़ कम होने के कारण पुलिस को राहत रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *