खेल दिवस का आयोजन किया
कोटद्वार
भाबर क्षेत्र के अन्तर्गत जशोधरपुर स्थित महादेव सरस्वती शिशु-विद्या मन्दिर हाईस्कूल में शुक्रवार को खेल दिवस का आयोजन किया गया जिसमें कबड्डी, रस्सा-कसी, कुर्सी दौड़, सुई तागा दौड़, बोरा, चम्मच व गुब्बारा दौड़ का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य निर्मल कुमार केमनी ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। खेलों से ही हमारा पूर्ण विकास होता है। हम अपने पारम्परिक खेलों से दूर होते जा रहे हैं, और आधुनिक खेलों को ही महत्व दे रहे हैं। कहा कि आधुनिक खेलों के साथ-साथ अपनी संस्कृति से जुड़े खेलों को भी हमें अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। तत्पश्चात आयोजित खेलों में नन्हें छात्र-छात्राओं ने उत्साह से भाग लिया। इस अवसर पर समस्त आचार्य परिवार व अभिभावक उपस्थित रहे।
