सितारगंज में धूमधाम से निकाला नगर कीर्तन
रुद्रपुर
श्री गुरुनानक देवजी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सितारगंज में नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में श्री अखंड पाठ साहिब का भोग पड़ने के बाद अरदास की गई। सर्व ईश्वरवाद का संदेश देने वाले सिखों के पहले गुरु श्री गुरुनानक देवजी का प्रकाश पर्व श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शुक्रवार को गुरुग्रंथ साहिब की छत्र छाया व पंच प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में पुष्प वर्षा होती रही। नगर कीर्तन के दौरान संगत ने गुरुग्रंथ साहिब को नमन किया। हजारों संगत फूलों से सुसज्जित पालकी के पीछे-पीछे चल रही थी। महिलाएं कीर्तन कर रही थीं। गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी से पहले रास्ते को झाड़ू व पानी से साफ करते हुए महिलाएं चल रही थीं। पैदल चलते हुए श्रद्धालु सतनाम वाहे गुरु का जाप कर रहे थे। जो बोले सो निहाल सतश्री अकाल के जयघोष से नगर गुंजायमान रहा। जगह-जगह तोरण द्वार सजाए गए। कीर्तन में शामिल संगत के लिए प्रसाद वितरित होता रहा। रणजीत अखाड़े की गतका पार्टी के सदस्यों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। नगर कीर्तन में सितारगंज नगर व ग्रामीण अंचल के विद्यालयों के छात्रों ने अनुशासन के साथ भागीदारी की। स्कॉलर्स वैली स्कूल की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। यहां गुरुद्वारा श्री सिंह सभा के प्रबंध कमेटी अध्यक्ष दलवीर सिंह बल, सचिव गुरप्रीत सिंह दियोल, कोषाध्यक्ष सुखवीर सिंह बेदी, सुखविंदर सिंह एमए, अजीत सिंह जोशन, सतीश उपाध्याय, महेंद्र सिंह, सर्वजीत सिंह माटा मौजूद रहे। इधर, गुरुद्वारा सिंह सभा में संगत ने लंगर छका।
श्री गुरुनानक के सिद्धांतों पर चलने का आह्वान
सितारगंज। धार्मिक जत्थों ने श्री गुरुनानक देव के त्रि रत्न सिद्धांतों किरत रो यानि ईमानदारी की कमाई, बंड छको यानि जरूरतमंदों की मदद, नाम जपो यानि परमात्मा का सिमरन करो के सिद्धांत पर चलने का आह्वान किया। कहा कि गुरु का नाम जपने से अज्ञान की धुंध छटती है। जगत में ज्ञान का प्रकाश फैलता है। गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में सजे धार्मिक दीवान में श्री शबद, गायन से गुरुओं की महिमा का गुणगान किया गया। प्रगट भई सगले जुग अंतर गुरुनानक.., सतगुरु नानक प्रगट्या मिटी धुंध…, गुरु बिनु घोर अंधार गुरु बिन समझ न आवे गुरु बिनु सुरति न सिध गुरु बिन मुति न पावै…, आदि शबदों का गायन किया।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को किया सम्मानित
सितारगंज। गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी की ओर से कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को स्मृति चिह्न व सिरोंपा देकर सम्मानित किया। कैबिनेट मंत्री ने गुरुग्रंथ साहिब की पालकी में माथा टेककर देश, राज्य की सुख, समृद्धि के लिए कामना की। गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी ने पालिकाध्यक्ष हरीश दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, कैबिनेट मंत्री बहुगुणा के प्रतिनिधि उमाशंकर दुबे, शिक्षाविद पलविंदर सिंह औलख, भाजपा नेता सुखदेव सिंह व महेश मित्तल, उद्यमी शिव कुमार मित्तल, उपकार सिंह बल, गुरदीप सिंह चौहान, निर्मल सिंह, यादराम गुप्ता को भी सिरोंपा भेंट कर सम्मानित किया।
