कार दिलाने का झांसा देकर 1.96 लाख हड़पे

हल्द्वानी

आठ लाख रुपये में सेकेंड हैंड ऑडी कार दिलाने का झांसा देकर पंजाब और दिल्ली के रहने वाले तीन लोगों ने हल्द्वानी निवासी व्यक्ति से 1.96 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित को दिल्ली बुलाकर परेशान भी किया गया। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भोटिया पड़ाव क्षेत्र स्थित गोविंदपुरा निवासी निर्मलजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि मानसा पंजाब निवासी जसप्रीत सिंह उर्फ रिंकू उनका परिचित है। एक जुलाई को जसप्रीत ने आठ लाख रुपये में पुरानी ऑडी कार बिकने की बात बताई। इसके बाद बतौर एडवांस दो लाख रुपये मांगे। निर्मलजीत ने एक लाख पांच हजार रुपये अपने बैंक खाते से और 91000 रुपये गूगल पे के माध्यम से दो अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। जसप्रीत के मुताबिक दोनों खाते कार मालिक सचिन अरोड़ा के थे। इसके बाद हल्द्वानी आकर कार देने और बकाया रकम लेने की बात तय हुई। कुछ दिन बाद आरोपियों ने कार दिल्ली में होने की बात कहकर वहां बुलाया। आरोप है कि दिल्ली में इधर-उधर घुमाने के बाद विक्की अरोड़ा नाम के व्यक्ति ने कार नहीं होने की बात कही। साथ ही जल्द ही एडवांस लिए रुपये वापस भेजने का आश्वासन दिया। कुछ दिन बाद जसप्रीत ने केवल 10 हजार रुपये वापस किए। कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी की धारा के तहत तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *