(मुंबई) शरद पवार एमवीए के युवा विधायक से बोले- भाजपा के झूठे विमर्श का मुकाबला करने को रहे तैयार

मुंबई

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने महाराष्ट्र में काबिज महा विकास आघाड़ी (एमवीए) की सरकार के युवा विधायकों से सदन के भीतर और बाहर भाजपा के ‘झूठे विमर्श’ का कड़ा मुकाबला करने की अपील की है। पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के मुख्य प्रवक्ता महेश तापसे ने यह जानकारी दी। तापसे ने बताया कि पवार ने विधायकों से यह भी कहा कि शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस की एमवीए सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और 2024 के चुनावों में फिर से निर्वाचित होगी, क्योंकि लोगों को इस गठबंधन पर विश्वास है।
पवार ने एमवीए के आठ युवा विधायकों से यहां अपने आवास पर गुरुवार को हुई बैठक में यह बात कही। इन विधायकों में राकांपा की अदिति तटकरे, रोहित पवार, अतुल बेन्के, आशुतोष काले व इंद्रनील नाइक, कांग्रेस के धीरज देशमुख और शिवसेना के ऋतुराज पाटिल और योगेश कदम शामिल हैं। तापसे ने कहा कि पवार ने उन दिनों को याद किया जब वह युवा नेता थे। उन्होंने तब और अब राज्य सरकार और विपक्ष के बीच के संबंधों की तुलना की। तापसे ने कहा,उन्होंने युवा नेताओं को सदन के भीतर और बाहर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठे विमर्शों का जमकर मुकाबला करने की सलाह दी। पवार साहब ने युवा नेताओं को आश्वासन दिया कि सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। पवार ने विधायकों से कहा कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों पर ध्यान दें और नागरिकों के मुद्दों को सरकार के सामने उठाएं। तापसे ने कहा, युवा नेताओं ने न केवल अपने निर्वाचन क्षेत्रों में, बल्कि अपने-अपने जिलों और क्षेत्रों में भी भाजपा का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने का वादा किया।
विपिनध् ईएमएसध् 19 मार्च 2022

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *