महंगाई की मार : दून में सीएनजी पांच रुपये महंगी, 82 रुपये प्रतिकिलो पहुंची कीमत

देहरादून

डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बीच सीएनजी के दामों ने भी महंगाई का झटका दिया है। शुक्रवार को दून में सीएनजी की कीमतों में एक साथ पांच रुपये प्रतिकिलो की बढ़ोतरी हुई है। दून में सीएनजी के दाम बढ़कर 77 रुपये से बढ़कर 82 रुपये प्रतिकिलो पहुंच गए हैं।
दून में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) के तीन पंप संचालित हो रहे हैं। मौजूदा समय में चल रहे तीन पंपों पर एक दिन में छह हजार से आठ हजार प्रतिकिलो सीएनजी पहुंच रही है। हालांकि मांग रोजाना 12 से 13 हजार किलो चल रही है। सीएनजी पंपों पर वाहनों की लंबी कतार रहती है। महंगी होने के बावजूद भी वाहन चालकों को गैस भराने में मशक्कत करनी पड़ रही है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें और पर्यटक वाहनों के मद्देनजर देहरादून में सीएनजी पंप खोलने की मांग उठ रही थी। सितंबर 2020 में मसूरी रोड पर मालसी में सबसे पहले सीएनजी पंप खुला। तब दून में 59 रुपये प्रति किलो सीएनजी के दाम थे। तब से 23 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है।
सहस्रधारा रोड स्थित फिलिंग स्टेशन के संचालक कुणाल सेठी ने बताया कि दून में सीएनजी की प्रतिकिलो 82 रुपये पहुंच गई है। हरिद्वार से डिमांड के अनुरूप गैस की सप्लाई भी नहीं हो पा रही है। वहीं परिवहन कारोबारी राजेंद्र काला ने बताया कि सीएनजी महंगी होने का खामियाजा संचालकों को भुगतना पड़ रहा है। महंगी सीएनजी होने के बावजूद भी भराने के लिए ड्राइवर दो-दो घंटे लाइन में लगे रहते हैं। जिस हिसाब से पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमतें बढ़ रही हैं, परिवहन कारोबारियों के सामने मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *