कांग्रेस सदन से लेकर सड़क तक जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगी : टम्टा
अल्मोड़ा
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष पद पर यशपाल आर्य और उपनेता प्रतिपक्ष पद पर भुवन कापड़ी की नियुक्ति पर राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने खुशी जताई है। उन्होंने इसके लिए कांग्रेस हाईकमान का आभार जताया। सोमेश्वर क्षेत्र भ्रमण के दौरान राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने चनौदा में कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पद पर युवा नेता करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष पद पर अनुभवी नेता यशपाल आर्य और उपनेता प्रतिपक्ष पद पर मुख्यमंत्री को चुनाव हराकर विधानसभा पहुंचे भुवन कापड़ी की नियुक्ति से प्रदेश में कांग्रेस संगठन मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जाति और धर्म के नाम पर राजनीति कर रही भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस सदन से लेकर सड़क तक जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगी। सांसद टम्टा ने चनौदा, छानी, ल्वेशाल, अधूरिया, सोमेश्वर, मनान और हवालबाग क्षेत्र का भ्रमण कर जनसंपर्क किया। हवालबाग के तिलौरा गांव में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण भी किया। इस दौरान उनके साथ सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजू भट्ट, जिला उपाध्यक्ष महेश पांडे, सांसद प्रतिनिधि हरीश भाकुनी, संतोष कुमार, प्रकाश खाती आदि मौजूद रहे
