आवारा जानवरों से फसल को हुए नुकसान के मुआवजे की उठाई मांग
अल्मोड़ा
स्याल्दे क्षेत्र के विभिन्न गांवों में गेहूं, जौ, मसूर आदि फसलों को आवारा जानवरों से हुए नुकसान की जांच कर क्षतिपूर्ति देने की मांग ग्रामीणों ने की है। मामले में ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन भेजा। सोमवार को डीएम को भेजे ज्ञापन में किसानों ने कहा कि ग्राम तिमली, पैठाना, जसपुर, खटलगांव, कैहड़गांव आदि जगहों में रबी की खड़ी फसल को आवारा पशुओं ने बर्बाद कर दिया गया है। निजी खर्च से खेतों की सुरक्षा के लिए जिन किसानों ने तारबाड़ लगायी थी, उसे भी आवारा सांडों ने उखाड़ कर फसलों को नुकसान पहुंचाया है। इससे किसानों के सामने बीज बचाने के लिए भी कुछ भी नहीं बचा है। किसान बेरोजगारी की स्थिति में पहुंच गए हैं। कहा कि घाटी क्षेत्र का यह हिस्सा काफी उपजाऊ है। लेकिन छोड़े गए आवारा पशुओं ने खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचाकर चारा भी नहीं छोड़ा है। ज्ञापन भेजने वलों में रामगंगा किसान जागृति समिति अध्यक्ष प्रेम गिरि गोस्वामी, जिपंस जसपुर रीतु, महिला समूह अध्यक्ष कमला देवी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राधारमण उप्रेती, सरपंच पैठाना, खटलगांव आदि शामिल हैं।
