पत्नी के हत्यारोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

रुद्रपुर

26 मार्च को प्रीति कौर हत्याकांड का खुलासा कर पुलिस ने हत्यारोपी पति संदीप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की आए दिन पत्नी से अनबन रहती थी और उसकी लंबी बीमारी से परेशान हो चुका था। हत्याकांड वाले दिन भी उसका पत्नी से विवाद हुआ था। आवेश में आकर उसने पत्नी की हत्या कर उसे आत्महत्या दर्शाने की कोशिश की थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पति की पत्नी की हत्या करने की साजिश का पर्दाफाश हो गया।  मुरलीवाला फार्म अफजलगढ़ जिला बिजनौर निवासी संदीप सिंह अपनी पत्नी प्रीति कौर के साथ शांति बिहार स्थित एक किराये के मकान में रहता था। 26 मार्च को पुलिस को खबर मिली कि प्रीति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 27 मार्च को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रीति की गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया। इस पर मृतका के भाई बाजपुर निवासी परमजीत सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर अपने जीजा के खिलाफ बहन की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतका के पति संदीप पर शक हुआ। जांच में पता चला कि प्रीति हत्याकांड के दिन से ही हत्यारोपी पति का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। वहीं, हल्द्वानी स्थित एक निजी कंपनी से भी पूरा पैसा लेकर पति फरार हो गया था। जिसे पुलिस ने उसके गांव बिजनौर से उसे गिरफ्तार कर सोमवार दोपहर को कोतवाली लाकर पूछताछ शुरू की। पुलिस की पूछताछ में आरोपी हत्याकांड का सच उगल दिया। सीओ अभय सिंह ने बताया कि प्रीति की शादी संदीप से डेढ़ साल पहले ही हुई थी। शादी के बाद से दोनों के बीच वैवाहिक संबंध ठीक नहीं थे। इसको लेकर दोनों के बीच आए दिन कहासुनी होती रहती है। इसके अलावा पिछले लंबे समय से प्रीति बीमारी से भी ग्रसित थी। 26 मार्च की सुबह को भी संदीप का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर संदीप ने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी और हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए चुन्नी का फंदा बनाकर उसे लटका दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच में ही मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *