पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने दिया कांग्रेस से त्यागपत्र

रुड़की

डेढ़ दशक तक बसपा में रहने के बाद कांग्रेस में शामिल हुए लक्सर के बिजेंद्र सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता से भी त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने प्रेस वार्ता में पार्टी छोड़ने की जानकारी दी। उनके समर्थन में लक्सर सहकारी गन्ना विकास परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने भी कांग्रेस छोड़ने की घोषणा कर दी है।
बिजेंद्र सिंह करीब पंद्रह सालों तक बसपा में थे। वे दो बार लक्सर की खड़ंजा सीट से जिपं सदस्य रहे। पिछले साल लक्सर विधानसभा सीट पर मौहम्मद शहजाद को टिकट देने के विरोध में चुनाव से ठीक पहले वे कांग्रेस में शामिल हुए थे। चुनाव में उन्होंने कांग्रेसी प्रत्याशी के लिए काम किया था। बुधवार को उन्होंने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस से त्यागपत्र देने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अच्छे नेतृत्व की कमी है। पार्टी आमजन से जुड़ने में नाकाम है। इसी कारण उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का निर्णय लिया है। आगे की राजनीतिक रणनीति के बाबत पूछने पर उनका कहना था कि वे राजनीतिक दल से जुड़ने के बजाय निर्दलीय रहकर काम करेंगे। उन्होंने हरिद्वार में प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में निर्दलीय भागीदारी करने की घोषणा भी की। प्रेस वार्ता में मौजूद रहे लक्सर की सहकारी गन्ना विकास परिषद के अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह परमार ने भी बिजेंद्र सिंह के त्यागपत्र का समर्थन करते हुए कांग्रेस छोड़ने की घोषणा की है। प्रेस वार्ता के दौरान उनके साथ सचिन कुमार भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *