हफ्ते भर में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर होगा प्रदेश व्यापी आंदोलन
अल्मोड़ा
विभिन्न समस्याओं को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मुखर हो गईं हैं। बुधवार को ताड़ीखेत में आयोजित बैठक में कार्यकत्रियों ने बाल विकास योजना के तहत उपलब्ध सामग्री आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था किए जाने, वेतन बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगें जोर-शोर से उठाईं। समस्याओं का एक सप्ताह में निराकरण नहीं होने पर प्रदेश स्तरीय आंदोलन की चेतावनी दी गई। इस आशय का ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा।
गोलू मंदिर में आयोजित उत्तरांचल आंगनाबाड़ी कर्मचारी संघ ताड़ीखेत ब्लॉक इकाई की बैठक में ब्लॉक की तमाम आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आंगनबाड़ी संगठन की प्रदेश महामंत्री उमा जोशी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के खातों में पिछले छह माह से एक-दो हजार की राशि डाली जा रही है, लेकिन इस राशि का कोई ब्योरा उपलब्ध नहीं कराया जा रहा, जिससे असमंजस की स्थिति है। उन्होंने ये भी कहा कि सेनेटरी पैड काफी घटिया स्तर के होने के कारण उनका विक्रय नहीं हो पा रहा। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष चम्पा बिष्ट, कोषाध्यक्ष हेमा बिष्ट ,चंद्रा नेगी, मोहनिया, माहेश्वरी बिष्ट, दीपा जोशी ,नीता जोशी, हेमा पांडे ,कमला सुयाल मौजूद रहीं।
