यात्रियों की संख्या बढ़ने पर चलेगी पैसेंजर ट्रेन: एडीआरएम

ऋषिकेश

योगनगरी रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को एडीआरएम मुराबादाबाद ने निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने स्टेशन के अधिकारियों को जल्द व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर योगनगरी रेलवे स्टेशन से पैसेंजर ट्रेन चलाई जा सकती है। शुक्रवार को एडीआरएम मुरादाबाद राकेश सिंह ने ऋषिकेश रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। जैसे ही एडीआरएम ऋषिकेश रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे सबसे पहले उन्होंने साफ सफाई के मुकम्मल इंतजाम नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद स्टेशन की सुरक्षा को लेकर उन्होंने अधिकारियों से सवाल-जवाब किए तो स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने माल गोदाम, टिकट घर, वेटिंग रूम, जीआरपी चौकी, दोनों प्लेटफार्म स्टेशन अधीक्षक कक्ष आदि का निरीक्षण किया। एडीआरएम ने बताया कि साफ सफाई की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और सुरक्षा व्यवस्था को और ज्यादा बेहतर बनाने के निर्देश स्टेशन अधिकारियों दिए गए हैं। इसकी रिपोर्ट वह डीआरएम मुरादाबाद को सौंपेंगे। बताया स्टेशन के बाहर बनी एक सड़क के बार-बार टूटने की जानकारी भी मिली है। इस मामले में वह अधिकारियों से जवाब तलब कर रिपोर्ट बनाएंगे। यदि लापरवाही मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। बताया कि ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से जरूरत पड़ने पर पैसेंजर ट्रेन चलाई जा सकती है। वहीं, रेलवे की भूमि पर लगातार हो रहे अतिक्रमण के मामले में उन्होंने बताया कि हरिद्वार में काफी हद तक रेलवे की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है। ऋषिकेश में रेलवे की कितनी भूमि अतिक्रमण की जद में है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। अधिकारियों से पूछताछ के बाद इसमें भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *