वाहनों का दबाव बढ़ने से योगनगरी में जाम, पर्यटक परेशान
ऋषिकेश
योगनगरी में शुक्रवार को पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। इससे हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। हरिद्वार-ऋषिकेश के बीच वाहन रेंग-रेंगकर चल नजर आए। मुख्य मार्गों पर जाम से बचने के लिए लोगों ने गलियों का रूख किया। इससे गलियों में भी जाम की नौबत आ गई। जाम के कारण दिनभर लोग परेशान रहे। शुक्रवार को योगनगरी के मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वाहनों का दबाव बढ़ने पर ऋषिकेश के श्यामपुर से कैंपिंग क्षेत्र शिवपुरी तक वाहन रेंगते नजर आए। चौराहों पर याताया सुचारु करने के लिए पुलिसकर्मियों को पसीना बहाना पड़ा। ऋषिकेश स्थित नटराज चौक, चंद्रभागा पुल, कैलास गेट, मुनिकीरेती, तपोवन, ब्रह्मपुरी सहित लगभग सभी चौराहों पर लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ा। नटराज चौक से तपोवन तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिली। जाम से बचने के लिए छोटे वाहन चालकों ने गली मोहल्लों का रुख किया, जिससे यहां भी जाम लग गया। हालत यह रहे कि जो दूरी 10 से 15 मिनट में तय हो जाती है, वहां आधे से एक घंटे का समय लगा। यह हाल तब है जब चारधाम यात्रा शुरू नहीं हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में परेशानी बढ़ना लाजिमी है।
बेतरतीब खड़े वाहनों ने बढ़ाई मुसीबत
ऋषिकेश व मुनिकीरेती क्षेत्र में जाम का सबसे बड़ा कारण सड़कों पर कार और व्यावसायिक वाहनों का बेतरतीब ढंग से खड़े होना भी रहा। शहर में अधिकांश सड़कें कम चौड़ी हैं। इन पर दुकानों के आगे खड़े वाहन जाम का कारण बने रहे हैं।
चार दिन की छुट्टी के कारण पर्यटकों की संख्या बेहताशा बढ़ी है। सभी चौराहों पर पुलिस की तैनाती की गई है। वाहनों को ढालवाला से तपोवन बाईपास की ओर डायवर्ट किया गया। जबकि कौडियाला, शिवपुरी से वापस आने वालों को गरूड़चट्टी बाया बैराज होकर निकाला गया। जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस की ओर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है। – सिद्धार्थ कुकरेती, यातायात निरीक्षक, मुनिकीरेती
