हनुमान जन्मोत्सव पर शोभायात्रा निकाली
हरिद्वार
भगवान हनुमान का जन्मोत्सव शनिवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। प्राचीन हनुमान मंदिर में भगवान हनुमान की आरती उतारकर विशेष पूजन किया गया। इससे पूर्व शोभायात्रा निकाली गई। विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर अभिनंदन हुआ। हनुमान जन्मोत्सव पर श्रवणनाथ मठ हॉल में भजन संध्या का आयोजन भी किया। इस दौरान निकाली गई शोभायात्रा हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर बड़ा बाजार, हरकी पैड़ी, अपर रोड, पोस्ट ऑफिस, विष्णु घाट, मोती बाजार से होकर वापस हमुनान मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। मुख्य अतिथि मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने शोभा यात्रा के पहुंचने के बाद भगवान हनुमान की आरती उतारी। भजन संध्या में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नगर विधायक मदन कौशिक ने पहुंचकर संतों से आशीर्वाद लिया। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि भगवान हनुमान का पूजन करने से सभी संकट दूर होते हैं। उन्होंने बताया कि चैत्र शुक्ल पूर्णिमा के दिन भगवान हनुमान ने जन्म लिया था। विशिष्ट अतिथि रामरतन गिरी व महंत रामरतन पुरी ने कहा कि हनुमान का पूजन फलदायी होता है। इस अवसर पर अंकित पुरी, श्रीकृष्ण शर्मा, श्याम अरोड़ा, कपिल पाराशर, नवनीत कुमार, पुष्पेंद्र शर्मा, पुनीत सुलोजा, स्वामी रघुवन, आशीष कुमार आदि उपस्थित रहे।
