सडक़ों के निर्माण में सीमेंट ग्राउटेड विटुमिनस तकनीक का प्रयोग किए जाने पर मंथन

राज्य प्रबंधन समिति की बैठक में हुआ विचार विमर्श

लखनऊ,

उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री तथा उत्तर प्रदेश राज्य सडक़ निधि प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जितिन प्रसाद की अध्यक्षता में बुधवार को लोक निर्माण विभाग मुख्यालय स्थित तथागत सभागार में उत्तर प्रदेश राज्य सडक़ निधि प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। लोक निर्माण मंत्री ने बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए विभिन्न सुझाव पर विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों को उच्च प्राथमिकता पर लेते हुए उन पर त्वरित रूप से सकारात्मक कार्यवाही की जाए। बैठक में राज्य सडक़ निधि प्रबन्धन समिति के सदस्यों के सुझावों के त्वरित ढंग से निस्तारण हेतु एक नोडल ऑफिसर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में लोक निर्माण मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि विश्व की सर्वश्रेष्ठ तकनीक का प्रयोग करते हुये तेजी से सडक़ों का निर्माण कराया जाय तथा सडक़ निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा। निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर संबंधित के विरूद्ध कठोर कार्यवाही भी की जाए। बैठक में सडक़ों के निर्माण में सीमेंट ग्राउटेड विटुमिनस तकनीक एवं अन्य आधुनिक तकनीक का प्रयोग कर सडक़ों का निर्माण कराए जाने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही ऐसे विकल्पों पर भी विचार विमर्श किया गया कि जिससे की वर्ष में कभी भी (12 महीनों) सडक़ों का निर्माण कराया जा सके। बैठक में ओवरलोडिंग की वजह से सडक़ों के क्षतिग्रस्त होने की समस्या के स्थाई समाधान निकालने पर विचार-विमर्श किया गया और इस दिशा में प्रभावी कार्यवाही किए जाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में प्रमुख अभियंता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष, लोनिवि मनोज कुमार गुप्ता ने राज्य सडक़ निधि प्रबंधन समिति की विगत 10 मई 2022 को आयोजित बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा दिये गये सुझावों पर की गयी कार्यवाहियों के बारे में अवगत कराया तथा लोक निर्माण मंत्री जी को आश्वस्त भी किया कि समिति के सदस्यों द्वारा दिये गये सुझावों पर आगे भी प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही की जायेगी। बैठक में राज्य मंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह, नीरज शेखर राज्य सभा सांसद मानवेन्द्र सिंह, विधायक ददरौल, मनीष जायसवाल विधायक पडरौना, राजेश कुमार अग्रहरि जिला पंचायत अध्यक्ष अमेठी, प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग नरेन्द्र भूषण सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *