किशोरी से छेड़छाड़ करने वाले युवक पर केस दर्ज

रुड़की

लक्सर के गांव में दसवीं की छात्रा के फोन पर अश्लील मैसेज भेजने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गत दिवस छात्रा ने खुद कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस अब पॉक्सो कोर्ट में किशोरी के बयान दर्ज कराने के बाद कार्रवाई करने की बात कह रही है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में दसवीं कक्षा में पढ़ रही है। कॉलेज के शिक्षकों ने ऑनलाइन पढ़ाई के लिए व्हाट्सएप पर कक्षावार छात्राओं के ग्रुप बना रखे हैं। आरोप है कि किशोरी के साथ पढ़ने वाली गांव की ही एक छात्रा के भाई ने ग्रुप में से किशोरी का नंबर ने लिया और उसे अभद्र मैसेज भेजने लगा। किशोरी ने परिजनों को बताया, तो उन्होंने युवक व उसके परिवार के लोगों से शिकायत की, पर युवक नहीं माना। इससे बचने के लिए परिजनों ने दो तीन बार छात्रा का फोन नंबर भी बदलवाया, लेकिन युवक हर बार अपनी बहन के मोबाइल के ग्रुप से नंबर लेकर मैसेज भेजता रहा। गत दिवस युवक छात्रा के घर के सामने से गुजर रहा था। इस दौरान छात्रा के भाई ने अभद्र मैसेज न भेजने को कहा, तो युवक ने अपने दोस्तों को बुलाकर उसके साथ मारपीट की। इस पर छात्रा भाई संग कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। तहरीर पर पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोपी जानू उर्फ जतिन पुत्र मनपाल के खिलाफ पॉक्सो के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि छात्रा को पॉक्सो कोर्ट में पेश कर बयान दर्ज कराए जाएंगे। इसके बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *