सड़क किनारे वाहन से टकराई पिकअप, तीन घायल
रुद्रपुर
रुद्रपुर-किच्छा रोड पर देवरिया टोल के पास अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे खड़े अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में साढ़े चार साल के बालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। गुरुवार रात पिकअप देहरादून से सेम की फलियों की बोरियां लादकर बनारस जा रही थी। वाहन में चालक गुलजार पुत्र मोमदा निवासी हरिद्वार, उसका साढ़े चार वर्षीय पुत्र साबिर और पिकअप मालिक हरिओम राव पुत्र विनोद राव निवासी राजस्थान सवार थे। मध्यरात्रि एनएच-74 पर देवरिया टोल के पास पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े वाहन से टकरा गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर टोलकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हाइड्रा क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

