स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया अल्ट्रासाउंड सेंटर का औचक निरीक्षण

अल्मोड़ा

कन्या भ्रूण हत्या और लिंग चयन जैसी सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी रोक लगाने तथा प्रसव पूर्व लिंग निर्धारण पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को रुद्राक्ष क्लिनिक में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने अल्ट्रासाउंड सेवाओं, आवश्यक अभिलेखों, पंजीकरण प्रमाण-पत्र तथा मरीजों के रिकॉर्ड की उपलब्धता और रखरखाव की जांच की। साथ ही संबंधित चिकित्सकों और कर्मचारियों को पीसीपीएनडीटी अधिनियम, 1994 के प्रावधानों की जानकारी दी गई। उप जिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल ने चिकित्सालय संचालकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि अल्ट्रासाउंड जांच के दौरान निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि गर्भस्थ शिशु के लिंग की जांच करना, उसकी जानकारी देना अथवा किसी भी प्रकार से लिंग चयन को बढ़ावा देना कानूनन अपराध है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन तिवारी ने बताया कि पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत सभी आवश्यक रिकॉर्ड निर्धारित प्रारूप में सुरक्षित रखना, पंजीकरण का नवीनीकरण कराना और संबंधित सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी निजी चिकित्सालयों और अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालकों से पीसीपीएनडीटी अधिनियम का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में सहयोग करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. मोहित टम्टा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कृतिका भंडारी और जिला समन्वयक पीसीपीएनडीटी अल्मोड़ा धीरज शाह आदि मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *