पद के अनुरूप ग्रेड पे दिलाने की मांग
श्रीनगर गढ़वाल
अवकाश प्राप्त कर्मचारी विकास संगठन ने वर्ष 2009 से पूर्व प्राथमिक शिक्षकों जो प्रधानाध्यापक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं उन्हें सेवा निवृत्ति 2006 के वेतनमान में पद के अनुरूप ग्रेड पे देने की मांग की है। इस संदर्भ में शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत को दिए ज्ञापन में संगठन के अध्यक्ष शंकर सिंह पटवाल ने कहा है कि प्रधानाध्यापक पद से सेवानिवृत्त होने के बावजूद विभाग की ओर से सहायक अध्यापक का ग्रेड वेतन दिया जा रहा है। इससे उनकी पेंशन एक जनवरी 2016 से सही निर्धारित नहीं हुई है। जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारी इसका कारण साफ्टवेयर में गड़बड़ी होना बता रहे हैं। जिससे इसका समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने जनहित में इस मामले में तत्काल कार्यवाही किए जाने की मांग की है।
