15 लाभार्थियों को दिए स्वामित्व अभिलेख

पौड़ी

विकास भवन सभागार में राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के मौके पर स्वामित्व योजना के तहत लाभार्थियों को स्वामित्व अभिलेख सौंपे गए। कार्यक्रम में पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि स्वामित्व अभिलेख मिलने से लोगों को उनकी संपत्ति का मालिकाना हक मिलेगा और वाद-विवाद से मुक्ति मिलेगी। संपत्ति कार्ड मिलने से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। कार्यक्रम में डीएम डा. विजय कुमार जोगदंडे ने पौड़ी ब्लाक के 15 लाभार्थियों को स्वामित्व अभिलेख दिए। जिले में कुल 110 राजस्व ग्रामों में 2228 लाभार्थियों को 1856 स्वामित्व अभिलेख वितरित किए जा चुके है। डीएम डा.विजय कुमार जोगदंडे ने स्वामित्व योजना के तहत संपत्ति कार्ड व्यापक ड्रोन सर्वे, मैपिंग, अनापत्ति पत्र प्राप्ति और उसके निराकरण के पश्चात जारी किए गए हैं। इसके बाद भी किसी को आपत्ति या संशोधन की मांग होती है तो उसको भी एक निर्धारित और पारदर्शी प्रक्रिया से उसमें सुधार करना संभव है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास लोगों की संपंति का स्पष्ट ब्यौरा होने से उनके कल्याण हेतु योजना निर्माण और लागू करने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि कार्ड को सुरक्षित तरीके से रखें। जिले में स्वामित्व योजना के तहत कुल 1662 राजस्व ग्रामों का चयन किया गया था। 1202 राजस्व ग्रामों के 25472 लाभार्थियों को 21059 स्वामित्व कार्ड वितरित किए जा चुके है। इस मौके पर डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, सहायक भू लेख अधिकारी पूरण प्रकाश, एडीपीआरओ नितिन नौटियाल आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *