जयंती पर किया हेमवती नंदन बहुगुणा याद

पौड़ी

जिला मुख्यालय पौड़ी में अविभाजित उत्तर प्रदेश के 9वें मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की 103वीं जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। नगरवासियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कलक्ट्रेट परिसर के बाहर बहुगुणा प्रतिमा स्थल पर नगरवासियों ने हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किये। बहुगुणा की 103वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम ने बहुगुणा की जीवनवृत्त पर रोशनी डाली। कहा कि बहुगुणा ने अविभाजित उत्तर प्रदेश में बतौर 9वां मुख्यमंत्री प्रदेश का नेतृत्व किया। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों के विकास को लेकर उन्होंने पर्वतीय विकास मंत्रालय का गठन किया था। उनके इस योगदान को लेकर आज भी उन्हें स्मरण किया जाता है। कहा कि पौड़ी को चारधाम यात्रा से जोड़ने के लिए 27 अप्रैल को शहर के कंडोलिया मंदिर यज्ञ किया जाएगा। इसके उपरांत मंदिर से ही चारधाम यात्रा रूट से जोड़ने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। बताया कि चारधाम यात्रा से जोड़ने के लिए सभी शहरवासियों, शिक्षण संस्थानों, अधिवक्ताओं को एकजुट होकर जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। पालिकाध्यक्ष बेनाम ने बताया कि पौड़ी को चारधाम यात्रा से जोड़ने के लिए यात्रियों को नजीबाबाद से होते हुए कोटद्वार से पौड़ी को डायवर्ट किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस रूट से आने पर यात्रियों को आवागमन में सहूलित तो होगी ही साथ ही पौड़ी शहर को भी नई पहचान मिल सकेगी। कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रदेश सरकार चारधाम यात्रा को पौड़ी से जोड़ने को लेकर उचित कदम उठाएगी। इस मौके पर व्यापार संघ के अध्यक्ष हेमेंद्र नेगी, पूर्व ब्लाक प्रमुख मुकेश नेगी, सभासद विक्रम सिंह आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *