पार्षद प्रतिनिधि से मारपीट कर पिस्टल तानने का आरोप
रुड़की
भाजपा कार्यकर्ता और पार्षद प्रतिनिधि की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक पक्ष की ओर से पहले ही मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गंगनहर पुलिस को दी तहरीर में सोनू कश्यप निवासी नंद विहार कॉलोनी ने बताया कि वह भाजपा कार्यकर्ता हैं और नगर निगम वार्ड 24 औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर से भाजपा पार्षद प्रतिनिधि के तौर पर वार्ड में विकास कार्य कराने में सहयोग करते हैं। आरोप है कि चौधरी राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, अजय सिंह निवासीगण नंद विहार कॉलोनी सुनहरा करीब दो साल से लगातार परेशान व मानसिक उत्पीड़न और षडयंत्र कर रहे हैं। वार्ड क्षेत्र में कहीं भी सड़क निर्माण व अन्य विकास कार्य होता है तो तीनों निर्माण कार्य का हमेशा विरोध करते हुए बाधा पहुंचाते हैं। आरोप है कि आरोपी वार्ड क्षेत्र में कोई भी काम उनसे पूछकर करने और कमीशन के तौर पर रुपये की मांग करते हैं। ऐसा नहीं करने पर विकास के काम नहीं करने देने की बात कहते हैं। तहरीर में बताया गया कि 24 अप्रैल सुबह सात बजे आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। मारपीट कर राजेंद्र सिंह ने लाइसेंसी पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी दी। कुछ लोगों ने बचाया। इस मामले में क्रास मुकदमा दर्ज हुआ है। इंस्पेक्टर ऐश्वर्य पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
