ऋषिकेश के सभी वार्डों में लगेगी हाई मास्ट लाइट: मेयर

ऋषिकेश

मेयर अनिता ममगाईं ने कहा कि नगर निगम के सभी वार्ड दूधिया रोशनी से जगमाएंगे। इसके लिए सभी वार्डों में नगर निगम प्रशासन हाई मास्ट लाइट लगा रहा है। विकास कार्यों में लापरवाही मिलने पर अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को बापूग्राम में आयोजित कार्यक्रम में मेयर अनिता ममगाईं ने हाई मास्ट लाइट का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के चौदह वार्डों सहित नगर निगम के तमाम चालीस वार्ड जगमग रोशनी से नहायेंगे। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से तेजी के साथ कार्य जारी है। नगर निगम से संबधित तमाम योजनाओं को समय अवधि में पूर्ण करने का खाका तैयार किया गया है। किसी भी दशा में विकास के पहिये की गति को थमने नही दिया जाएगा। सड़क, पीने का स्वच्छ पानी, सीवरेज व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। नगर में चल रहे विकास कार्यों की निगरानी भी की जा रही है। शिकायतें मिलने के उपरांत जांच भी करवाई जा रही है, ताकि विकास कार्य में आने वाली कमी को दूर किया जा सके। इसके बावजूद अगर कोई कमी आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर की सड़कों की दशा को सुधारने के लिए ढाई करोड़ रुपये के टेंडर लग चुके हैं। मौके पर पार्षद गुरविंदर सिंह, अनिता प्रधान, ममता नेगी, प्रमिला त्रिवेदी, गोपाल रावत, हेमलता चौहान, दिनेश बिष्ट, प्रिया ढकाल, सुयेस शर्मा, धर्म दास, निधि तापलियाल, ऋषि राम जोशी, राम प्रसाद उनियाल, दीन दयाल शर्मा, संजीव चौधरी, दिनेश शर्मा, जगदीश भंडारी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *