सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर
विकासनगर
प्रखंड अंतर्गत मटियाना के लिए सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। अब ग्रामीणों जल्द ही गांव तक गाड़ी आने की उम्मीद जगी है। राज्य गठन के बाद से ही ग्रामीण गांव तक सड़क पहुंचाने की मांग कर रहे थे। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने आपस में मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। मटियाना के ग्रामीणों को अभी गांव तक पहुंचने के लिए सुनौड़ा से तीन किमी की खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ती है। ग्रामीणों को रोजमर्रा का सामान गांव तक पहुंचाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गांव में निर्माण कार्य कराए जाने पर निर्माण सामग्री खच्चरों के माध्यम से पहुंचानी पड़ती है, जिससे ग्रामीणों पर आर्थिक भार बढ़ता है। किसी के बीमार होने पर उसे तीन किमी तक डंडी के सहारे लाना पड़ता है। ग्रामीण राज्य गठन के बाद से ही ग्रामीण सुनौड़ा से मटियाना तक सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग ने ढाई किमी लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। ग्राम प्रधान शांता शर्मा, उप प्रधान जयपाल चौहान, करम सिंह, टीकाराम शर्मा, शिवा शर्मा, बारुदत्त शर्मा, अर्जुन शर्मा, अनंत शर्मा, रवि शर्मा, भगत सिंह, महेंद्र सिंह, भीम सिंह, माबवर सिंह राठौर, अनिल राणा आदि ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रदेश सरकार, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान समेत तमाम भाजपा नेताओं का आभार जताया है।
