मुराई बाग चौराहे से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी
रायबरेली
डलमऊ नगर पंचायत के अंतर्गत मुराई बाग मुख्य चौराहे की सडक़ों पर फैला हुआ अतिक्रमण हटाया जाएगा।मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के बाद एसडीएम डलमऊ ने तहसील में बैठक कर अपने मातहतों को निर्देश जारी किया था। शुक्रवार को तहसीलदार डलमऊ अभिनव पाठक, अधिशासी अधिकारी आरती श्रीवास्तव व कोतवाली प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने मुराई बाग चौराहे से लालगंज रायबरेली रोड डलमऊ व ऊंचाहार रोड पर सडक़ों के किनारे फैले हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए कार्यवाही शुरू कर दी। शुक्रवार को चिन्हित कर दुकानदारों को निर्देशित किया गया एक दिन के अंदर सडक़ किनारे बनी हुई इंटरलॉकिंग व नालों पर जो भी अतिक्रमण है उसको हटा लें अन्यथा प्रशासन द्वारा कड़ी कार्यवाही करते हुए जबरन अतिक्रमण को हटा दिया जाएगा। अभी हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देशित किया था कि सडक़ों के किनारे फैले हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए जिसके बाद डलमऊ तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी डलमऊ आशीष कुमार मिश्रा ने बैठक करते हुए इस पर रणनीति तैयार की और अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित को निर्देशित किया था।
–
