खेत में सोना दबा होने का लालच देकर ठगी में तीन गिरफ्तार

रुड़की

एक परिवार से जादू टोना कर खेत में ढाई कुंतल सोना दबा होने का लालच देकर 80 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने जांच कर तीन ठगों को 20 हजार रुपये और कुछ जेवरात के साथ गिरफ्तार कर लिया। रविवार को तीनों ठगों को जेल भेज दिया गया। शिखर गांव निवासी टेकचंद ने कोतवाली मंगलौर ने तहरीर देकर बताया था कि पुत्री अपने परिवार के साथ कस्बा भगवानपुर में किराये के मकान में रहती है। पुत्र राहुल भी अधिकांश बहन के यहां आता जाता रहता है। परिवार के सदस्य घरेलू सामान की खरीदी विनीत की दुकान से करते रहते हैं। विनीत ने राहुल की पहचान अपने दोस्त कार्तिक और पिंकी से कराई। बताया कि कार्तिक जादू टोने का काम करता है। जमीन में गढ़े जेवरात निकाल कर दे सकता है। बताया कि ढाई कुंतल सोना गढ़ा है जो वह जादू टोने से निकाल सकता है। राहुल को विश्वास में लेकर ठग उसको शिखर गांव लेकर पहुंच गए। जहां खेत में गड्ढा खोदकर कुछ मंत्र पढ़कर जेवरात दिखाए। बताया था कि दो दिन के अंदर पूरा सोना खेत से निकालकर दे देंगे। जिसमें करीब अस्सी हजार रुपये का खर्चा आएगा। जमीन से सोने निकालकर देने के लालच में आकर राहुल से ठगों को रकम दे दी। रकम लेकर तीनों फरार हो गए। मामला पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने विनीत कुमार, पिंकी कुमार निवासी कस्बा भगवानपुर, कार्तिक निवासी मोहल्ला पठानपुरा कस्बा देवबंद सहारनपुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। रविवार को 20 हजार रुपये तंमतंत्र साम्रगी और नकली महिला श्रृंगार का सामान बरामद किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि विनीत कुमार, पिंकी कुमार और कार्तिक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट, कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, हरदयाल पंवार, सुधीर चौधरी, प्रवीण गुलेरिया और लाल सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *