208 अभ्यर्थियों ने पास की पुलिस आरक्षी भर्ती प्रक्रिया

अल्मोड़ा

पुलिस लाइन खगमरा में उत्तराखंड पुलिस की पुरुष और महिला आरक्षी पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा जारी है। रविवार को 263 अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा लिया, जिसमें 208 अभ्यर्थी पास हुए। पुलिस लाइन खगमरा के खेल मैदान में आयोजित भर्ती प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा से पहले सभी अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच की गई। जिसके बाद अभ्यर्थियों की दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और बॉल थ्रो कराई गई। देर शाम भर्ती प्रक्रिया में सफल अभ्यर्थियों की लोअर मालरोड सिमकनी से नॉर्मल फील्ड डायट संस्थान तक तीन किमी की दौड़ कराई गई। एसएसपी प्रदीप कुमार राय ने भर्ती प्रक्रिया की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। भर्ती प्रक्रिया संपन्न कराने में सीओ यातायात ओशीन जोशी, रानीखेत सीओ तपेश चंद, यातायात प्रभारी निरीक्षक गणेश सिंह हरड़िया आदि ने सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *