अभिमन्यु यादव व जोंटी सिद्धू अपनी टीमों की जीत के हीरो
देहरादून
38 वें गोल्ड कप में स्पोटिंग क्लब दिल्ली ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की टीम को पांच विकेट से हरा दिया। मैन ऑफ द मैच अभिमन्यु यादव चुने गए। दूसरे मैच में एलबी शास्त्री क्लब ने जोंटी सिद्धू के शानदार 116 रनों की बदौलत इनकम टैक्स क्लब को 135 रन से हराया।
तनुश क्रिकेट अकादमी ग्राउंड में देवभूमि गोल्ड कप एसोसिएशन द्वारा आयोजित हुए पहले मुकाबले में सीएयू रेड ने पहले खेलते हुए 37.2 ओवर में 207 रन बनाए। सनम अरोड़ा ने 75, उदय शर्मा ने 66 रन बनाए। दीपक कुमार ने 2, मनीष सहरावत ने 3 विकेट लिए। जवाब में स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली ने 35 ओवर में 208 रन बनाकर मैच जीत लिया। सौरभ डागर ने 48, अभिमन्यु यादव ने 72, रोहन राठी ने 39 रन बनाए। उत्तराखंड के लिए अंकित मनोड़ी ने 3, सनी कश्यप, दीपेश नैनवाल ने 1-1 विकेट लिया। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज क्रिकेट ग्राउंड में हुए एक अन्य मैच में एलबी शास्त्री क्लब ने इनकम टैक्स स्पोर्ट्स क्लब को 135 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। पहले खेलते हुए एलबी शास्त्री क्लब ने 40 ओवर में 6 विकेट खोकर 279 रन बनाए। जोंटी सिद्धू ने सिर्फ 74 गेंद खेलकर शानदार 116 रन बनाए। जिसमें चार चौक्के व दस छक्के थे। नितिन तंवर ने 50, सुमित चिकारा ने 55 रन बनाए। अनिकेत चौधरी ने 2, अंकित भंडारी ने 2 विकेट लिए। जवाब में इनकम टैक्स स्पोर्ट्स क्लब 30.2 ओवर में नौ विकेट पर 145 रन ही बना सका। इनकम टैक्स की ओर से ओपनर बल्लेबाज राहुल यादव चोटिल होने से अपनी पारी आगे नहीं बढ़ा पाए। उस समय वह 42 रन पर खेल रहे थे कि उन्हें मैदान से वापस आना पड़ा। टीम इसके बाद अच्छी शुरूआत के बावजूद पटरी से उतर गई। एलबी शास्त्री क्लब की ओर से बादल बिसवाल ने 4, नितिन तंवर ने 3 विकेट लिए। जोंटी सिद्धू को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
