ई-श्रम कार्ड बनाने के नाम पर महिला ने की कंपनी के कर्मचारियों से ठगी

विकासनगर

थाना सेलाकुई क्षेत्र के अंतर्गत फार्मासिटी की महिला कर्मचारी ने कंपनी के कर्मचारियों के साथ ठगी की। आरोप है महिला ने ई-श्रमकार्ड बनाने के नाम पर कर्मचारियों से दस्तावेज लेकर लोन लिया है। लोन देने वाली संस्था के किश्तें चुकाने के फरमान पर कर्मचारियों को ठगी होने के बारे में जानकारी मिली। सेलाकुई पुलिस ने दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। सेलाकुई फार्मासिटी स्थित एक फार्मा कंपनी के 18 से अधिक कर्मियों ने सेलाकुई पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में बताया कि उनकी कंपनी में मेशरजहां पत्नी आकाश शर्मा निवासी पीठवाली गली सेलाकुई भी काम करती है। मेशरजहां ने उन्हें बताया कि उसके पति की सेलाकुई में मनी ट्रांसफर की दुकान है। गत वर्ष नौ दिसंबर को मेशरजहां ने उन्हें बताया कि आजकल मोदी योजना के ई-श्रमकार्ड बन रहे हैं। जिसमें प्रतिमाह छह हजार रुपये श्रमिकों के खाते में आते हैं। जिसके लिए उन्हें अपने पैनकार्ड, आईडी, आधारकार्ड की छाया प्रति और फोन नंबर उसे तथा उसके पति को देने होंगे। वह और उसके पति उनके ई-श्रम कार्ड बना देंगे। आरोप है कि मेशरजहां व उसके पति ने बताया कि उनके फोन पर ओटीपी आयेगी तो उन्हें बता दें। लेकिन उसके बाद अब तक ई-श्रम कार्ड नहीं बने। कुछ दिन बाद महेंद्र विहार चकराता रोड स्थित एक होटल के समीप स्थित धनी लोंस एंड सर्विसेज लिमिटेड बैंक के कुछ कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि उनके ऊपर बैंक का कर्ज है। जिसकी किश्तें देना शुरू करें। कहा कि आकाश शर्मा और मेशरजहां ने आपके (कर्मचारियों) दस्तावेज बैंक में जमा करवाकर ऋण दिलाया है। जिसमें सभी 75 कर्मचारियों में किसी के नाम दस, किसी के पंद्रह और किसी के नाम पच्चीस- पच्चीस हजार रुपये का ऋण है। बैंक से ऋण लेने और अब उसे चुकाने की बैंक कर्मियों की बात सुनकर फार्मा कंपनी के कर्मचारियों के हाथ पैर फूल गये। फार्मा कंपनी के कर्मचारी नेहा पत्नी वीरेंद्र निवासी हाल शिवमंदिर पीठवाली गली सेलाकुई, प्रियंका सिंह चौहान, हरिभजन सिंह चौहान, जामिल अहमद,आशा, गुड्डी, किरन, मीना, अरशद, पुनीता, किरन, मीनादेवी, जावेद,योगेश, योगेंद्र, सुधारानी, नेहा, अनुकरण आदि ने पुलिस को बताया कि उनके साथ महिला मेशरजहां और उसके पति आकाश शर्मा ने धोखाधड़ी कर उनके नाम पर बैंक लोन लिया है। थानाध्यक्ष मनमोहन सिंह नेगी ने बताया कि उक्त मामले में मेशरजहां और उसके पति आकाश शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *