एक लेखपाल नहीं संभालेगा एक से अधिक सर्किल
रुड़की
जिलेभर के लेखपालों ने बैठक कर डीएम पर भगवानपुर में आयोजित तहसील दिवस में लेखपाल और कानूनगो के लिए निंदनीय शब्द कहने का आरोप लगाकर रोष जताया। तय किया कि 31 मई के बाद कोई लेखपाल एक से ज्यादा सर्किल की जिम्मेदारी नहीं लेगा। उत्तराखंड लेखपाल संघ की हरिद्वार जिला इकाई की लक्सर, रुड़की, हरिद्वार और भगवानपुर तहसीलों के सारे लेखपालों ने तहसील सभागार में बैठक की। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी एक मई को भगवानपुर में आयोजित तहसील दिवस में डीएम ने लेखपाल और कानूनगो के लिए अशोभनीय टिप्पणी की थी। सभी लेखपालों ने इस पर सख्त नाराजगी जाहिर की। साथ ही सर्वसम्मति से इसका विरोध करने का निर्णय लिया। कहा कि लेखपालों के पास एक ही सर्किल का काम करना मुश्किल होता है जबकि जनपद में कई लेखपालों को दो-तीन सर्किल का चार्ज दिया गया है। सर्वसम्मति से तय किया गया कि 31 मई के बाद कोई लेखपाल न तो एक से अधिक सर्किल का चार्ज रखेगा और न ही दूसरे कोई काम करेगा।
