वाहन के गहरी खाई में गिरने से महाराष्ट्र के तीन श्रद्धालुओं की मौत
देहरादून (ईएमएस)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के बड़कोट क्षेत्र में वाहन के गहरी खाई में गिरने से वाहन सवार महाराष्ट्र के तीन श्रद्धालुओं की मौत हुई और 10 अन्य घायल हो गए। वाहन सवार श्रद्धालु महाराष्ट्र के भंडारा जिले के तुनसार और नागपुर जिले के रहने वाले थे और यमुनोत्री धाम जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने अत्यंत विषम परिस्थितियों व रात के अंधेरे में बचाव एवं राहत कार्य चलाया।
वाहन में कुल 13 लोग सवार थे, जिसमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार बच्चों सहित 10 अन्य घायल हो गए। घायलों को खाई से निकाल कर मुख्य मार्ग तक पहुंचकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया जहां उनका उपचार चल रहा है। मृतकों की शिनाख्त मुंबई के अंधेरी के पूरणनाथ, भंडारा जिले की जयश्री (23) और अशोक (40) के रूप में की गई है।
