कांग्रेस अब एक परिवार की पार्टी आप के लिए हिमाचल में कोई स्थान नहीं

नई दिल्ली

इस साल के अंत में हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर भाजपा ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अभी से चुनावी मोड में आ गए हैं। राज्य में चुनाव की तैयारियों और रणनीति को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बातचीत की। भारतीय राजनीति की एक खासियत है कि आम कार्यकर्त्ता अर्श से फर्श पर और फर्श से अर्श पर बहुत जल्दी पहुंचते हैं। ऐसी बहुत सी मिसालें हैं, जब एक आम कार्यकर्त्ता बिल्कुल जमीनी स्तर से काम करके अपने राज्य की राजनीति और देश की राजनीति में एक अहम भूमिका तक पहुंच गया। ऐसे लोगों में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का नाम भी शामिल है, इनका भी बैकग्राउंड बिल्कुल ऐसा ही है। संघ का बैकग्राउंड, राजनीति और पिछले कई सालों से लगातार चुनाव जीतते हुए आज राज्य और देश की राजनीति में इनकी जो अहम भूमिका बनी है, वो किसी से छुपी नहीं है। हिमाचल प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में बीजेपी की क्या रणनीति रहेगी और जयराम ठाकुर की सरकार के कामकाज कैसे रहे हैं? इन सब विषयों पर जयराम ठाकुर ने खुलकर बातचीत की। अभी हाल ही में जो पांच राज्यों के चुनाव हुए हैं और जैसे उनके परिणाम आए हैं, उनमें से कुछ राज्यों को लेकर बार- बार यही कहा जाता रहा था कि वहां हर पांच वर्ष के बाद सत्ता परिवर्तन होता है। लेकिन इस बार नई रिवायत शुरू हुई है, नया रिवाज शुरू हुआ है। उत्तराखंड में फिर भाजपा की सरकार बनी है। उत्तर प्रदेश में 37 वर्षों के बाद किसी पार्टी की पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा वापसी हुई, योगी जी फिर से वहां मुख्यमंत्री बने। उत्तराखंड तो जब से अस्तित्व में आया है, उसके बाद पहली बार ऐसा हुआ कि कोई सरकार पांच वर्ष बाद फिर सत्ता में आई। ऐसे में मैं कह सकता हुं कि माहौल इस प्रकार से पूरे देश भर में बना है। स्वाभाविक रूप से इसके लिए बहुत बड़ा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जाता है जिनके नेतृत्व ने भारत का सम्मान पूरे विश्व में ऊंचा किया है, भारत की अलग पहचान बनी है और ऐसे संकट के क्षण में भारत को ऐसा मजबूत नेतृत्व प्राप्त हुआ। हिमाचल प्रदेश भी चुनावी वर्ष में है। हिमाचल के बारे में भी यही कहा जाता रहा है कि 1985 के बाद यहां भी पांच-पांच वर्ष के लिए कांग्रेस-बीजेपी, बीजेपी-कांग्रेस और इस प्रकार से ये क्रम चलता रहा है। अबकी बार मुझे पूरा भरोसा है, प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में, हमारे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा जी और हमारे केंद्रीय मंत्री अमित शाह जी के सहयोग से हम हिमाचल प्रदेश में फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने में सफल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *