36,000 मंदिरों को नष्ट कर उस पर मस्जिदों का निर्माण किया रू ईश्वरप्पा
बेंगलुरु
कर्नाटक में इन दिनों मंदिर-मस्जिद विवाद बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में कर्नाटक के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक केएस ईश्वरप्पा ने कहा कि 36,000 मंदिरों को नष्ट कर उस पर मस्जिदों का निर्माण किया गया। उन्हें कहीं और मस्जिदें बनाने दें और नमाज अदा करने दें। लेकिन हम उन्हें अपने मंदिरों पर मस्जिद बनाने की अनुमति नहीं दे सकते। सभी 36000 मंदिरों को हिंदुओं द्वारा कानूनी रूप से पुनः प्राप्त किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने जिन्ना के भाषण को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि क्या आरएसएस के संस्थापक केबी हेडगेवार द्वारा दिए गए भाषण पर एक पाठ के बजाय जिन्ना पर एक पाठ को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए था? हेडगेवार का भाषण जो स्कूली पाठ्यपुस्तकों में शामिल किया गया था, जिसका उद्देश्य भूमि की संस्कृति और देशभक्ति का परिचय देना था।
बता दें कि हाल ही में यूपी सरकार ने मदरसों में राष्ट्रगान अनिवार्य करने का फैसला किया था तब केएस ईश्वरप्पा ने विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि अब जल्द ही एंटी नेशनल हमें राष्ट्रगान गाते नजर आएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि आतंकी बनाने वाले समुदाय को भी जल्द राष्ट्रगान गाते हुए देखा जाएगा।वहीं मंदिर-मस्जिद का विवाद अब तेलंगाना तक पहुंच गया है। बीते 25 मई को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय बांदी ने कहा कि राज्य में कई मंदिरों को तोड़कर उन पर मस्जिद का निर्माण किया गया। इसके अलावा उन्होंने कहा था कि अगर मस्जिद को खोदा जाए तब शिवलिंग मिलेगा। मैं असदुद्दीन ओवैसी को चुनौती देता हूं कि तेलंगाना की सभी मस्जिदों को खोदें और अगर उसमें कंकाल मिले तब हम मस्जिद छोड़ देते हैं, और अगर शिवलिंग मिला तब हम सब ले लेते हैं। बता दें कि देश के अलग-अलग राज्यों में इन दिनों मंदिर-मस्जिद का मुद्दा गरमाया हुआ है।
