सांसद नवनीत राणा को फोन पर मिली जान से मारने की धमकी दिल्ली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा विवाद को लेकर चर्चा में आईं निर्दलीय सांसद नवनीत राणा को जान से मारने की धमकी मिली है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एक एफआईआर दर्ज की है और मामले की जांच शुरू हो चुकी है। बताया गया है कि नवनीत राणा को फोन पर ऐसी धमकियां मिलीं, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस में की। सांसद की तरफ से दावा किया गया है कि उन्हें हनुमान चालीसा पढ़ने को लेकर ये धमकियां मिली हैं, जिनमें जान से मारने की बात कही गई है। दिल्ली पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में नवनीत राणा ने कहा है कि, उन्हें फोन पर ऐसी धमकियां मिली हैं। जिनमें कहा गया है कि आपको महाराष्ट्र नहीं आने दिया जाएगा। साथ ही ये भी कहा गया कि, हनुमान चालीसा का पाठ करोगे तो जान से मार देंगे। ये मामला दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू थाने में दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस धमकी देने वाले की तलाश में जुट गई है। नवनीत राणा पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। वो तब चर्चा में आईं जब उन्होंने सीएम उद्धव ठाकरे के घर के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने की चुनौती दी थी। इसके बाद शिवसेना कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। मामला काफी ज्यादा बढ़ गया तो नवनीत राणा घर से बाहर नहीं निकलीं, लेकिन इसके बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सांसद और उनके पति रवि राणा को करीब 11 दिनों तक जेल में रहना पड़ा, जिसके बाद दोनों को कई शर्तों पर जमानत मिली। लेकिन जमानत मिलने के बाद सांसद ने लगातार उद्धव ठाकरे पर हमला जारी रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *